Jamshedpur News: जमशेदपुर के जुगसलाई क्षेत्र की गरीब नवाज कॉलोनी और चूना भट्टा बस्ती में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है. इस समस्या को लेकर जुगसलाई नगर परिषद चुनाव की पूर्व प्रत्याशी नीलोफर हुसैन ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है.
उन्होंने बताया कि दोनों इलाकों में लंबे समय से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के बीच आम नागरिकों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए पानी की एक-एक बूंद जुटाना मुश्किल हो गया है.
ज्ञापन में कहा गया है कि गरीब नवाज कॉलोनी में टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन उसकी मात्रा जरूरत के अनुसार पर्याप्त नहीं है. साथ ही जो पानी सप्लाई हो रहा है, वह गंदा और पीने योग्य नहीं है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है.
सबसे खराब स्थिति चूना भट्टा क्षेत्र की बताई गई है, जहां लोगों को पानी भरने के लिए रोज कई बार जुगसलाई रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है. यह स्थिति काफी जोखिमभरी है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की समस्या अब जीवन और सुरक्षा दोनों के लिए चुनौती बन गई है.
नीलोफर हुसैन ने उपायुक्त से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित और पर्याप्त टैंकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए. साथ ही जुगसलाई की जल शोधन प्रणाली की तत्काल जांच कर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए.
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि चूना भट्टा क्षेत्र में तुरंत कम से कम दो हैंडपंप लगाए जाएं, ताकि लोगों को रेलवे ट्रैक पार कर पानी लाने जैसी खतरनाक स्थिति से राहत मिल सके. प्रशासन से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप की उम्मीद जताई गई है.