Drug Mafia Salim Dola Arrest: तुर्किये की सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के बड़े नाम सलीम डोला को इस्तांबुल से गिरफ्तार कर लिया है. भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है. इसे अंडरवर्ल्ड और नारकोटिक्स सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.
सलीम डोला को लंबे समय से वैश्विक स्तर पर सिंथेटिक ड्रग्स नेटवर्क का प्रमुख संचालक माना जाता रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, उसके नेटवर्क के तार कई देशों से जुड़े हुए थे और उसका सीधा संबंध भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह से भी बताया जाता है.
जानकारी के मुताबिक, सलीम डोला दुबई में बैठकर अपने पूरे ड्रग सिंडिकेट को संचालित करता था. भारतीय एजेंसियों का कहना है कि भारत में भी उसका एक मजबूत नेटवर्क सक्रिय था, जो ड्रग्स की सप्लाई और तस्करी को नियंत्रित करता था. इसी वजह से वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था.
अक्टूबर 2025 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसके करीबी सहयोगी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया था. इसके बाद नवंबर 2025 में मुंबई पुलिस ने सलीम डोला के बेटे ताहिर डोला समेत उसके परिवार के चार सदस्यों को भी दुबई से गिरफ्तार कर भारत लाया था.
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी ने सलीम डोला पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था. मुंबई पुलिस ने भी उसे वांछित अपराधियों की सूची में शामिल कर रखा था.
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सलीम डोला के पास सऊदी अरब का पासपोर्ट है. फिलहाल जिस देश में उसे पकड़ा गया है, वहां से सीधे भारत लाना आसान नहीं है. ऐसे में भारतीय एजेंसियां यूएई के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसकी भारत वापसी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही हैं.
अधिकारियों का कहना है कि सलीम डोला के पिता भी दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाते थे और उन्होंने लंबे समय तक मुंबई में उसके साथ काम किया था. बाद में सलीम डोला दुबई पहुंचा और डी कंपनी से जुड़कर ड्रग्स तस्करी के कारोबार में गहराई से शामिल हो गया.