Aquarium Caring Tips: घर में एक्वेरियम सजाना जितना आकर्षक लगता है, उतना ही चुनौतीपूर्ण उसका सही रख-रखाव होता है. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनकी मछलियां कुछ ही दिनों में मर जाती हैं. इसकी वजह ज्यादातर छोटी-छोटी लेकिन अहम गलतियां होती हैं, जिन पर ध्यान देना बेहद जरूरी है.
टैंक तैयार किए बिना मछलियां डालना बनता है बड़ी गलती
अधिकांश लोग एक्वेरियम में पानी भरते ही तुरंत मछलियां डाल देते हैं, जबकि यह सबसे बड़ी गलती है. दरअसल, टैंक को पहले “साइकिल” करना जरूरी होता है, जिससे उसमें अच्छे बैक्टीरिया विकसित हो सकें. ये बैक्टीरिया मछलियों के वेस्ट से बनने वाले जहरीले अमोनिया को कम करने में मदद करते हैं. बिना इस प्रक्रिया के मछलियों का जीवित रहना मुश्किल हो जाता है.
खाना ज्यादा देना और टैंक में भीड़ बढ़ाना मच्छीलियों के लिये खतरनाक हो सकता है
कई लोग यह सोचकर ज्यादा चारा डाल देते हैं कि मछलियां भूखी न रहें, लेकिन बचा हुआ खाना पानी को खराब कर देता है और अमोनिया का स्तर बढ़ा देता है. इसके अलावा, एक्वेरियम में जरूरत से ज्यादा मछलियां रखने से उन्हें पर्याप्त जगह नहीं मिलती, जिससे तनाव और ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याएं पैदा होती हैं.
पानी बदलने और पैरामीटर नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
एक और आम गलती है पूरा पानी एक साथ बदल देना, जिससे टैंक का संतुलन बिगड़ जाता है. सही तरीका यह है कि हर हफ्ते केवल 20–25 प्रतिशत पानी ही बदला जाए. साथ ही, पानी का pH और अन्य पैरामीटर नियमित रूप से जांचना जरूरी है, क्योंकि हल्का बदलाव भी मछलियों के लिए घातक साबित हो सकता है.
एक्वेरियम की खूबसूरती बनाए रखने के लिए मछलियों की सही देखभाल बेहद जरूरी है. अगर आप इन छोटी लेकिन महत्वपूर्ण गलतियों से बचते हैं, तो आपकी मछलियां लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय रह सकती हैं. सही जानकारी और नियमित देखभाल ही इसका असली समाधान है.