Bengal Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर 24 परगना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि पहले चरण में हुए भारी मतदान ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के घमंड को चकनाचूर कर दिया है. पीएम ने भरोसा जताया कि दूसरे चरण के रुझान बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत की नींव रख रहे हैं.
मां, माटी और मानुष के नारों से अब क्यों बच रही है टीएमसी?
पीएम मोदी ने 15 साल पुराने नारों का जिक्र करते हुए पूछा कि अब टीएमसी मां, माटी और मानुष की बात क्यों नहीं करती. उन्होंने खुद इसका जवाब देते हुए कहा कि इन शब्दों को बोलने से टीएमसी के "पाप" सामने आ जाएंगे. पीएम के अनुसार, ममता सरकार ने माटी को घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया है.
संदेशखाली और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा
प्रधानमंत्री ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि टीएमसी के "महाजंगलराज" की सबसे बड़ी पीड़ित यहां की बेटियां हैं. संदेशखाली की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां की बहनों के साथ अन्याय हुआ, लेकिन सरकार गुंडों का साथ देती रही. उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल की बहनों का यह गुस्सा चुनावी नतीजों में साफ दिखेगा.
4 मई के बाद होगा गुंडों का हिसाब
पीएम मोदी ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि 4 मई के बाद भाजपा की सरकार चुन-चुन कर गुंडों और बलात्कारियों का हिसाब करेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि बेटियों के साथ खिलवाड़ करने वालों को "पाताल" से भी खोज निकाला जाएगा. पीएम ने प्रशासन की सुस्ती पर निशाना साधते हुए वादा किया कि नई सरकार आते ही राज्य में सुरक्षा और न्याय का राज कायम होगा.