Seraikela: राजनगर थाना क्षेत्र के कुजु नदी स्थित इचा नदी घाट पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां स्नान करने के दौरान 39 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मधु नायक के रूप में हुई है, जो पोटका के हल्दीपोखर गुडभांगा गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार को राजनगर के इच्छा गांव स्थित अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे वह स्नान करने के लिए कुजु नदी के इचा घाट गया था, जहां नहाते-नहाते वह नदी के बीच की ओर तैरने लगा और इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया।
लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब मधु नायक डूबने लगा तो घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत नदी में उतरे और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शादी का माहौल मातम में बदला, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हादसे के बाद जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।