Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात के बाद कहा कि बातचीत के दौरान राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बदलावों और राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि गहलोत ने झारखंड सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की.
इरफान अंसारी ने कहा कि अशोक गहलोत का मानना है कि किसी भी सरकार की पहचान उसके जनहित के कार्यों से होती है. उन्होंने झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों को सकारात्मक बताया और कहा कि ऐसे प्रयास जनता के लिए लाभकारी साबित होंगे.
मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई. मंत्री ने बताया कि गहलोत ने कहा कि कांग्रेस वहां मजबूती के साथ चुनावी मैदान में सक्रिय है और पार्टी लगातार जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रही है.
इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियां और संगठनात्मक काम लोगों के बीच भरोसा पैदा कर रहे हैं. आने वाले समय में इसका असर चुनावी परिणामों में भी देखने को मिलेगा. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और कार्यकर्ता मजबूती के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं.