Hazaribagh News : जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम अपराधियों ने एक दंपती पर अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस हमले में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रांची के रिम्स रेफर किया गया है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मिली जानकारी के अनुसार विकास प्रजापति अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ रामगढ़ बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पतरातू-मैकलुस्कीगंज मार्ग पर कोल स्टेशन हेंडगीर के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर दो बाइक पर सवार थे और उन्होंने बिना कुछ कहे ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से दोनों संभल भी नहीं सके।
घात लगाकर बैठे अपराधियों ने बरसाईं गोलियां, पत्नी ने मौके पर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने बेहद नजदीक से कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान मंजू देवी के सिर में गोली लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं विकास प्रजापति के हाथ में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल विकास प्रजापति को पहले सीसीएल क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, आपसी रंजिश या आपराधिक साजिश के एंगल पर पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी थाना, पिपरवार पुलिस और हेंडगीर पिकेट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और इलाके में छापेमारी शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और आपराधिक साजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इस वारदात के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।