Jamshedpur News: जमशेदपुर में 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) परीक्षा को लेकर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत सभी संबंधित विभागों और परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बिंदुवार समीक्षा की गई।
8 परीक्षा केंद्र, 4231 परीक्षार्थी-समय का सख्त पालन जरूरी
जिले के 6 शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4231 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी, जबकि प्रवेश सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रमुख केंद्रों में एलबीएसएम कॉलेज, को-ऑपरेटिव कॉलेज, वीमेन्स यूनिवर्सिटी सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर गतिविधि पर नजर
उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था, क्राउड मैनेजमेंट और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रमुख चौक-चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती होगी। अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) के साथ पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।
सुविधा, समन्वय और सख्ती, तीनों पर प्रशासन का फोकस
परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को सैनिटाइज कर सील किया जाएगा। बिजली, पानी, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।