Jamshedpur: टाटानगर क्षेत्र के ग्वाला बस्ती में सोमवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, मेघा यादव के मकान को अवैध निर्माण बताते हुए रेलवे की ओर से लगभग 15 दिन पहले नोटिस जारी किया गया था और कोर्ट से भी अतिक्रमण हटाने का आदेश प्राप्त था। तय कार्यक्रम के तहत जब अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई के लिए पहुंचे, तो स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और इसका विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल अचानक गरमा गया।
धक्का-मुक्की से बढ़ा तनाव, पुलिस बल की तैनाती
मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब विरोध कर रहे कुछ लोगों और रेलवे कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और स्थिति मारपीट जैसी बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर रेल सुरक्षा बल और बागबेड़ा थाना पुलिस के डेढ़ दर्जन से अधिक जवानों को तैनात किया गया, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ और पूरे इलाके में तनाव बना रहा।
दो घंटे हंगामा, कार्रवाई फिलहाल टली
करीब दो घंटे तक चले विरोध और हंगामे के बाद रेलवे की टीम ने फिलहाल कार्रवाई को स्थगित करने का निर्णय लिया और बिना किसी तोड़फोड़ के वापस लौट गई। अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई कानून के तहत की जाएगी, जबकि दूसरी ओर स्थानीय लोग अपने घरों को बचाने के लिए डटे हुए हैं और किसी भी तरह के अतिक्रमण हटाने के प्रयास का विरोध कर रहे हैं।