Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-27

Seraikela Crime News: ट्रेलर चालक से मोबाइल छीनने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, ज्वेलरी दुकान में चोरी की बड़ी साजिश भी नाकाम

Seraikela Crime News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल छिनतई की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को धर दबोचा है. बीती 25 अप्रैल की रात तेलाई गांव के पास एक ट्रेलर चालक से मोबाइल छीना गया था. शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के नेतृत्व में टीम गठित की गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

बाइक सवार लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय तपन प्रधान (खरसावां) और 22 वर्षीय रोकीन प्रमाणिक (राजनगर) के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्रो बाइक (JH06C-7760) भी जब्त कर ली है. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. उनके पास से छीना गया सैमसंग मोबाइल और अन्य फोन भी बरामद किए गए हैं, जो लूट की घटनाओं की ओर इशारा करते हैं.

ज्वेलरी दुकान लूटने की थी बड़ी योजना
पुलिस की इस कामयाबी से राजनगर बाजार में एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई. आरोपियों ने खुलासा किया कि मोबाइल छीनने के साथ-साथ उन्होंने राजनगर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने की भी साजिश रची थी. पुलिस को आरोपियों के पास से दो टूटे हुए ताले भी मिले हैं, जिससे साफ है कि वे पेशेवर तरीके से वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे.

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल तीन एंड्रॉयड मोबाइल (दो सैमसंग और एक रियलमी), चोरी की कोशिश में इस्तेमाल किए गए ताले और बाइक बरामद की है. पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है ताकि इलाके में सक्रिय इस तरह के अन्य गिरोहों का भी पर्दाफाश किया जा सके.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !