Bokaro Crime News: झारखंड के बोकारो जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. पत्नी के मायके जाने की जिद से नाराज पति ने उसकी हत्या कर दी और वारदात के बाद शव के पास ही सोता रहा.
मायके जाने को लेकर विवाद बना हत्या की वजह
पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के रामडीह गांव में शनिवार रात पति-पत्नी के बीच मायके जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ. 25 वर्षीय पत्नी बार-बार मायके जाने की बात कर रही थी, जिससे पति नाराज हो गया. बहस बढ़ने के बाद जब पत्नी सो गई, तो आरोपी ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी से उस पर कई वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद शव के पास सोया रहा आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से बाहर गया, शराब पी और वापस आकर पत्नी के शव के पास ही सो गया. रविवार सुबह जब कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला, तो परिजनों को शक हुआ. अंदर जाकर देखा तो महिला की लाश खून से लथपथ पड़ी थी और आरोपी पास ही सो रहा था. पूछने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.