Jamtara News : जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर एसपी शंभु कुमार सिंह ने व्यवसायियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों, विभिन्न प्रखंडों के व्यवसायियों और आभूषण दुकानदारों ने हिस्सा लिया। बैठक में बाजारों की सुरक्षा, बढ़ते अपराध पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
एसपी ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा चौक-चौराहों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया। व्यवसायियों से सुरक्षा उपायों में सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
दिन और रात में अलग-अलग गश्ती व्यवस्था पर जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि दोपहर के समय बाजारों में विशेष गश्ती दल तैनात किए जाएंगे, जबकि रात में चोरी और छिनतई रोकने के लिए बाइक गश्त बढ़ाई जाएगी। मिहिजाम, कचहरी रोड और जामताड़ा बाजार में जाम की समस्या दूर करने के लिए भी ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी।
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि बैठक में लिए गए फैसलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस ने इसे शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।