Seraikela Accident News: सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया. तेलाई गांव के पास बांस से लदा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीण तुरंत वहां पहुंच गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर पर भारी मात्रा में बांस लदा हुआ था. मुख्य सड़क पर चलते समय चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया. हादसे के समय वहां कई ग्रामीण मौजूद थे. फिलहाल चालक की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है और यह भी जानकारी नहीं मिल पाई है कि ट्रैक्टर पर कितने लोग सवार थे.
स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए सड़क की खराब स्थिति और ओवरलोड वाहनों को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है.
ग्रामीणों का आरोप है कि खासकर रूंगटा कंपनी के भारी वाहन नियमित रूप से इस रास्ते से गुजरते हैं, जिससे सड़क के साथ-साथ दोनों पुलों की स्थिति भी कमजोर हो गई है. लोगों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक न तो ओवरलोड वाहनों पर रोक लगी और न ही सड़क व पुल की मरम्मत की गई. इससे लोगों में भारी नाराजगी है.
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है. ग्रामीणों ने सड़क और पुल की तत्काल मरम्मत के साथ ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.