Dhanbad News : चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-3 स्थित चढ़ाई मोड़ के पास चिरकुंडा-पंचेत मुख्य सड़क पर जर्जर 11 केवी बिजली तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करंट की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बांस-बल्ली लगाकर इलाके को घेर दिया और अन्य लोगों को तार के संपर्क में आने से रोका। बताया गया कि मवेशी लेकर जा रहे पशुपालक की आजीविका पर भी इस हादसे से बड़ा असर पड़ा है।
जर्जर तार को लेकर पहले भी शिकायतें, लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चिरकुंडा-पंचेत मुख्य मार्ग जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जर्जर तारों को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए आवागमन भी रोका गया। लोगों ने प्रशासन से जर्जर बिजली तारों को जल्द बदलने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि समय रहते मरम्मत होती तो यह हादसा नहीं होता। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।