जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी में फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 26 अप्रैल की रात करीब 10:12 बजे फायरिंग की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गरीब नवाज कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय शेख अशरफी उर्फ खतवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो खोखा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का संबंध आपराधिक समूह से होने की आशंका जताई जा रही है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच
पुलिस ने इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 33/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक, जुगसलाई थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।