Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-29

Ranchi News: रांची को मिलेगी जाम से मुक्ति, हेमंत कैबिनेट ने दी दो नए फ्लाईओवर को मंजूरी

Ranchi News: रांची वासियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में शहर की ट्रैफिक समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए दो नए फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. पहला फ्लाईओवर अरगोड़ा चौक पर बनेगा, जो हरमू को डिबडीह पुल से जोड़ेगा. इसकी लंबाई 3.804 किलोमीटर होगी और इस पर 469.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं, दूसरा फ्लाईओवर करमटोली से साइंस सिटी के बीच बनेगा, जिसकी लंबाई 3.216 किलोमीटर होगी और इसकी लागत 351.14 करोड़ रुपये तय की गई है.

पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
कैबिनेट ने शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में भी बड़े फैसले लिए हैं. पलामू के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज (GEC) में अब एक अत्याधुनिक इनोवेशन और इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी. अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने बताया कि इसके तहत डेटा एनालिटिक्स, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सस्टनेबल टेक्नोलॉजी जैसे विषयों के लिए चार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे. इससे पलामू और आसपास के तकनीकी छात्रों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी.

विदेश में पढ़ाई के लिए अब 50 छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप
राज्य सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना का दायरा भी दोगुना कर दिया है. अब हर साल 25 की जगह 50 प्रतिभाशाली छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजा जाएगा. नई व्यवस्था के तहत 20 अनुसूचित जनजाति, 10 अनुसूचित जाति, 14 ओबीसी और 6 अल्पसंख्यक छात्रों को इस योजना का लाभ मिलेगा. इसके अलावा, स्कूलों के लिए सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के मानक तय करने के लिए राज्य स्कूल मानक प्राधिकरण (SSSA) के गठन को भी मंजूरी दी गई है.

स्वास्थ्य सेवाओं में होगा AI का इस्तेमाल, Google के साथ करार
कैबिनेट ने स्वास्थ्य विभाग और Google LLC के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते (MoU) को हरी झंडी दे दी है. इसके तहत राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर सुधार लाया जाएगा. इसके अलावा, बैठक में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा नियम-2026 को पूर्वव्यापी मंजूरी दी गई. कुल मिलाकर 15 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाकर सरकार ने बुनियादी ढांचे, शिक्षा और तकनीक के मोर्चे पर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !