Giridih News : निमियाघाट थाना क्षेत्र में 15.58 लाख रुपये के तांबा तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन से जुड़े इस मामले में पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 267 किलो तांबा तार, पिकअप वाहन, नकद और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
गार्ड को बंधक बनाकर हुई थी वारदात
बताया गया कि 26-27 अप्रैल की रात बदमाशों ने कार्यस्थल पर तैनात गार्ड को बंधक बनाकर 193 मीटर तांबा तार लूट लिया था। गार्ड से मोबाइल और नकदी भी छीन ली गई थी। मामले के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और तीन आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने बरामद किए औजार और वाहन, गिरोह की जांच तेज
गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोबाइल फोन, कटिंग के औजार और नकद राशि भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।