Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-29

Dhanbad Crime News: वासेपुर के भगोड़े प्रिंस खान का खास गुर्गा शैफी उर्फ मेजर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर

Dhanbad Crime News: धनबाद के वासेपुर का कुख्यात भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान एक बार फिर चर्चा में है. उसके बेहद करीबी गुर्गे सैयद सैफ अब्बास नकवी उर्फ शैफी उर्फ मेजर को अदालत ने 3 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. अब धनबाद पुलिस उससे पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क, फंडिंग और प्रिंस खान के ठिकानों की जानकारी जुटाएगी.

धनबाद पुलिस ने मेजर को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी बी.के. लाल की अदालत में पेश किया. पुलिस ने 7 दिनों की रिमांड की मांग करते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान गिरोह के संचालन, विदेशों से फंडिंग और प्रिंस खान के संपर्कों को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

हालांकि लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ सह रिमांड अधिवक्ता अजय कुमार भट्ट ने इसका विरोध किया. दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने 3 दिनों की पुलिस हिरासत मंजूर की.

अदालत ने अपने आदेश में साफ कहा कि आरोपी के साथ किसी तरह की बर्बरता नहीं की जाएगी. रिमांड पर ले जाने से पहले और रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाएगा.

धनबाद के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी अपराधी को विदेश से गिरफ्तार कर यहां लाया गया है. इंटरपोल की मदद से मेजर को दुबई के अजमान से पकड़ा गया था. 19 अप्रैल 2026 को उसे भारत लाया गया.

कोलकाता एयरपोर्ट पर पश्चिम बंगाल और झारखंड पुलिस ने उससे पूछताछ की. इसके बाद उसे पश्चिम बंगाल की जेल में रखा गया. धनबाद कोर्ट द्वारा बैंक मोड़ थाना कांड संख्या 175/23 में जारी प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे धनबाद लाया गया.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शैफी उर्फ मेजर प्रिंस खान गिरोह का मुख्य संचालक था. वह व्यापारियों और आम लोगों को धमकी भरे ऑडियो और वीडियो भेजता था. गैंग की डिजिटल गतिविधियों को संभालने में उसकी बड़ी भूमिका थी.

सुरक्षा एजेंसियों को पहले से इनपुट मिल चुके थे कि झारखंड का मोस्ट वांटेड अपराधी प्रिंस खान करीब 4 साल पहले दुबई भाग गया था. इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है.

मेजर को बैंक मोड़ थाना में दर्ज वर्ष 2023 के एक मामले में जेल भेजा गया है. इस केस में पुलिस अवर निरीक्षक प्रभात रंजन पांडे की शिकायत पर गुड्डू अंसारी, मोहम्मद अरमान आलम, अफरीदी सिद्दीकी उर्फ अफरीदी और राजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी.

पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग प्रिंस खान उर्फ बंटी खान के गिरोह के लिए काम करते थे. 1 अगस्त 2023 को आरा मोड़ के पास अपराध की योजना बनाते समय इन्हें हथियार और 10 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था.

जांच के बाद बैंक मोड़ थाना पुलिस ने 16 दिसंबर 2023 को बंटी खान और गोडविन खान के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था. वहीं प्रिंस खान, मेजर और अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच जारी थी. इसी मामले में मेजर के खिलाफ अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !