Ramgarh: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत बेडवा गांव के 20 वर्षीय मुकेश कुमार महतो का शव बीती रात छोटकी डूंडी पहाड़ स्थित जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद गांव में शोक और डर का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, मुकेश मंगलवार को अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी।
सुबह ग्रामीणों ने देखा पेड़ से लटका शव
शुक्रवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीण जंगल की ओर गए, तो छोटकी डूंडी पहाड़ के पास एक नीम के पेड़ से आर्थिंग तार के सहारे एक युवक का शव लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस और आसपास के लोगों को दी गई। बाद में शव की पहचान मुकेश कुमार महतो के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पत्नी से विवाद की बात सामने, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि घर से निकलने से पहले मुकेश का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से चला गया था। हालांकि, इस घटना के पीछे की असली वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा।