Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-01

Khunti Crime News: खूंटी में उग्रवादियों का हमला, कर्रा के निर्माण साइट पर मशीन जलाई फिर की कई राउंड फायरिंग, PLFI का पर्चा हुआ बरामद

Khunti: खूंटी जिले के कर्रा क्षेत्र में गुरुवार देर रात उग्रवादियों ने एक बार फिर हिंसक वारदात को अंजाम देकर इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। धुर्वा-कर्रा रोड स्थित कुलहुट्टू इलाके में रेलवे निर्माण कार्य कर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट को निशाना बनाते हुए हथियारबंद उग्रवादी पहुंचे और वहां लगी मशीन में आग लगा दी। घटना के दौरान उग्रवादियों ने कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे रात के सन्नाटे में गोलियों की आवाज गूंज उठी और आसपास के ग्रामीण सहम गए।

कर्मचारियों को धमकाकर मशीन फूंकी, दहशत फैलाने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्रवादी देर रात अचानक निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों को डराने-धमकाने लगे। माहौल को और भयावह बनाने के लिए उन्होंने फायरिंग की और इसके बाद मशीन पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। पूरी घटना के दौरान कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद उग्रवादी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते वे साफ संदेश देकर गए कि बिना बातचीत के यहां कोई काम नहीं चलने दिया जाएगा।



पर्चा बरामद, लेवी के लिए वारदात की आशंका
घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम का एक पर्चा बरामद हुआ है, जिसमें ठेकेदार को चेतावनी दी गई है कि संगठन से बात किए बिना काम शुरू करने पर अंजाम बुरा होगा। पुलिस के मुताबिक यह पूरी घटना लेवी यानी रंगदारी वसूली के उद्देश्य से की गई है। पर्चे में संगठन से जुड़े एक नाम का भी जिक्र किया गया है, जिससे इस वारदात की जिम्मेदारी का संकेत मिलता है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और उग्रवादियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही इसमें शामिल लोगों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, जबकि स्थानीय लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !