Gamharia News: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गम्हरिया में झारखंड मजदूर यूनियन की सरायकेला जिला कमेटी के तत्वावधान में भव्य मजदूर एकता महारैली निकाली गई. रैली के जरिए मजदूरों ने अपने अधिकारों और एकजुटता का मजबूत संदेश दिया.
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली की शुरुआत आदित्यपुर स्थित सिधू-कान्हू चौक से हुई. यह रैली विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आदित्यपुर मेन रोड के रास्ते ऊपरबेड़ा पहुंची.
ऊपरबेड़ा में अमर शहीद निर्मल महतो के स्मारक स्थल पर मजदूरों और यूनियन पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
रैली का नेतृत्व कर रहे मजदूर नेता सुनील गोराई ने कहा कि मजदूरों की असली ताकत उनकी एकता में है. उन्होंने सभी मजदूरों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा कि यूनियन हमेशा मजदूरों के हक और सम्मान की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी.
महारैली के दौरान मजदूर एकता जिंदाबाद और हमारा हक हमें दो जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर, यूनियन सदस्य और स्थानीय लोग शामिल हुए और मजदूर हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.