Ranchi: रांची में 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह परीक्षा एक ही पाली में शहर के 21 केंद्रों पर आयोजित की जानी है। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ लगाकर व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
200 मीटर दायरे में धारा-163 लागू, कई गतिविधियों पर रोक
सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने बि०एन०एस०एस० की धारा-163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी, हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है। इसके अलावा किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग, हथियार लेकर चलना, लाठी-डंडा या अन्य पारंपरिक हथियारों का प्रदर्शन, तथा किसी भी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किया गया है।
निर्धारित समय और प्रमुख परीक्षा केंद्र
प्रशासन द्वारा जारी यह निषेधाज्ञा 3 मई 2026 को दोपहर 12 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों जैसे मारवाड़ी कॉलेज (लेक रोड), सेंट जॉन्स हाई स्कूल (करबला टैंक रोड), डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय हिनू और धुर्वा, गोस्नर कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल डिपाटोली, सीएम स्कूल फॉर गर्ल्स बरियातू और सेंट अलॉयसियस हाई स्कूल समेत अन्य केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।