Ranchi News : केंद्र सरकार ने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) में तैनाती को लेकर नई प्रक्रिया शुरू कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड समेत सभी राज्यों से वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम मांगे हैं, जिन्हें प्रतिनियुक्ति पर SPG में भेजा जाएगा।
डीआईजी स्तर के पदों पर होगी नियुक्ति, 14 साल सेवा जरूरी
मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार SPG में डीआईजी स्तर के पदों को भरा जाएगा। इसके लिए वही आईपीएस अधिकारी पात्र होंगे, जिन्होंने कम से कम 14 वर्ष की सेवा पूरी कर ली हो। SPG एक प्रतिनियुक्ति आधारित संगठन है, जहां अधिकारियों की तैनाती निश्चित अवधि के लिए की जाती है।
30 दिनों के भीतर भेजने होंगे नाम, विजिलेंस रिपोर्ट अनिवार्य
केंद्र ने राज्यों को निर्देश दिया है कि पत्र जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर योग्य अधिकारियों के नाम भेजे जाएं। साथ ही, हर अधिकारी के नाम के साथ उसका विजिलेंस स्टेटस देना भी अनिवार्य किया गया है।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा संभालती है SPG
गौरतलब है कि स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप देश की सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा एजेंसियों में से एक है, जो प्रधानमंत्री और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होती है।
इस प्रक्रिया के बाद झारखंड कैडर के कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को देश की इस विशेष सुरक्षा इकाई में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।