Ranchi News: राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 700 किलो अफीम-डोडा बरामद किया है। यह खेप जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जब्त किया। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
जंगल में छिपाकर रखे गए थे 21 बोरे
जानकारी के अनुसार रुगड़ी मोड़ के पास कदमडीह इलाके में पहाड़ी की तलहटी स्थित जंगल में तस्करों ने 21 बोरा डोडा गड्ढे में छिपाकर रखा था। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर सभी बोरे बरामद कर लिए। जब्त डोडा का कुल वजन करीब सात क्विंटल बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर जंगल का फायदा उठाकर नशीले पदार्थो का भंडारण कर रहे हैं। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया और उनके नेतृत्व में छापेमारी की गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए तस्कर
छापेमारी के दौरान तस्करों को पुलिस की भनक लग गई और वे घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।