Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के मानगो-डिमना रोड पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। एक ही स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक मानगो-डिमना रोड से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी तेज रफ्तार में लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे, जिसके कारण इलेक्ट्रो मार्ट के पास स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे सब्जी बेच रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि सब्जी विक्रेता महिला स्कूटी की चपेट में आकर काफी दूर तक फिंक गई, जिससे उसे बेहद गंभीर चोटें आई हैं। इस हादसे में स्कूटी पर सवार तीनों युवक भी सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने घटना के तुरंत बाद सक्रियता दिखाते हुए सभी घायलों को संभाला और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
वर्तमान में एमजीएम अस्पताल में घायल महिला और तीनों युवकों का उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे के लिए युवकों की रफ ड्राइविंग को मुख्य वजह बताया है।
शहर की व्यस्ततम सड़कों में शुमार मानगो-डिमना रोड पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक स्कूटी पर तीन लोगों का सवार होना और भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज रफ्तार से वाहन चलाना इस दुर्घटना का प्रमुख कारण बना। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रफ ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।