Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-03

Jamshedpur News: यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति का आंदोलन तेज, खड़गपुर मंडल की ट्रेनों के खिलाफ भी होगा विरोध

Jamshedpur News: जमशेदपुर में यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति ने अपने आंदोलन का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया है. अब तक चक्रधरपुर मंडल की ट्रेनों को लेकर चल रहा आंदोलन खड़गपुर मंडल तक भी विस्तारित किया जाएगा.
यह निर्णय बारीडीह स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया. समिति ने तय किया कि 17 मई से 19 मई तक शहर के अलग-अलग स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. 17 मई को साकची गोलचक्कर, 18 मई को स्टार टॉकीज और 19 मई को मानगो में अभियान चलेगा. इसके बाद 24 मई को घाटशिला में भी हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया जाएगा.

बैठक में विधायक सरयू राय ने कहा कि कई ट्रेनें चांडिल तक समय पर पहुंचती हैं, लेकिन टाटानगर आते-आते 30 मिनट से लेकर कई घंटों तक लेट हो जाती हैं. उन्होंने वंदे भारत एक्सप्रेस का उदाहरण देते हुए कहा कि यह भी टाटानगर 30 मिनट देरी से पहुंची. उन्होंने साफ कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीति के लिए नहीं, बल्कि आम यात्रियों की समस्या को लेकर किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से दिए जाने वाले दावों की सच्चाई लगातार सामने आ रही है, जिससे उसकी छवि प्रभावित हो रही है. रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के बावजूद आदित्यपुर से सलगाजुड़ी तक तीसरी लाइन नहीं बनने से परेशानी बनी हुई है.

समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने कहा कि आंदोलन का असर अब रेलवे बोर्ड तक पहुंच चुका है और यह लड़ाई लंबी चलेगी. उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की.

बैठक में मौजूद विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी ट्रेनों की लेटलतीफी पर चिंता जताई. उनका कहना था कि इससे छात्रों, मजदूरों और आम यात्रियों को भारी परेशानी होती है.

बैठक में सुझाव दिया गया कि रेलवे की लापरवाही के खिलाफ बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाए. जरूरत पड़ने पर धरना प्रदर्शन और कानूनी कार्रवाई भी की जाए. साथ ही, ट्रेनों की देरी से संबंधित जानकारी रेलवे की वेबसाइट पर लगातार दर्ज कराने की भी बात कही गई.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !