Jamshedpur: भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत चलाए जा रहे विशेष स्वगणना अभियान के तहत जमशेदपुर में अधिकारियों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस क्रम में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम और चीफ ऑफ कॉरपोरेट सर्विसेज वरुण बजाज ने जीएनएसी (JNAC) की जनगणना टीम की मौजूदगी में स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान विशेष पदाधिकारी तरणीश कुमार हंस भी उपस्थित रहे।
कॉरपोरेट कर्मियों ने भी निभाई जिम्मेदारी
इस अवसर पर टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज से जुड़े अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्वगणना अभियान में भाग लेते हुए अपनी-अपनी जानकारी सफलतापूर्वक दर्ज कराई। अधिकारियों ने इसे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में महत्वपूर्ण कदम बताया और सभी से इसमें शामिल होने की अपील की।
1 से 15 मई तक चल रहा विशेष अभियान
बता दें कि यह विशेष स्वगणना अभियान 1 मई से 15 मई तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा दी गई है, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया जा सके।
नागरिकों से सहभागिता की अपील
जमशेदपुर के सभी जागरूक नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और निर्धारित समयावधि के भीतर आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी स्वगणना प्रक्रिया अवश्य पूरी करें, ताकि जनगणना का यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।