Jamshedpur: टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव Nitesh Raj की अध्यक्षता में यूनियन कार्यालय में कमेटी मेंबरों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत श्रमिक आंदोलन में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी शहीद मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद उपस्थित सदस्यों ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।
बेहतर वेज रिवीजन की मांग पर बनी सहमति
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि यूनियन अध्यक्ष से जल्द से जल्द वेज रिवीजन की मांग की जाएगी। सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि नया वेज रिवीजन कर्मचारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप होना चाहिए, जिसमें पुराने और नए दोनों ग्रेड के कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन वृद्धि मिल सके और किसी के साथ भेदभाव न हो।
असंतोष की स्थिति में नए मोर्चे की चेतावनी
सदस्यों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि प्रस्तावित ग्रेड रिवीजन कर्मचारियों को संतुष्ट नहीं करता है, तो ऐसी स्थिति में यूनियन के भीतर एक नए मोर्चे के गठन पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में कई सदस्य रहे मौजूद
इस बैठक में यूनियन के कई सक्रिय सदस्य मौजूद रहे, जिनमें सबसे युवा कमेटी मेंबर Shubham Mishra, राजेश कुमार सिंह, संतोष पांडेय, सत्यप्रकाश, अभिनंदन सिंह, बंटी पांडेय, चंदन गुप्ता, अमित कुमार, ब्लास्ट फर्नेस के हरेराम शर्मा, धुरंधर प्रधान सहित अन्य सदस्य शामिल थे। सभी ने एकजुट होकर कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।