Jamshedpur News : एनएच-33 स्थित एक भवन में फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में राशन दुकानदार शामिल हुए।
कमीशन भुगतान लंबित, दुकानदारों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से राशन दुकानदारों का कमीशन भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कारण दुकानदारों को गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने सरकार पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि अब दुकानदार चुप नहीं बैठेंगे और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे।
चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी, कोर्ट जाने का भी संकेत
एसोसिएशन ने बताया कि चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है। सबसे पहले खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव से मिलकर मांगों को रखा जाएगा और जल्द समाधान की मांग की जाएगी।
यदि विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के साथ-साथ राज्यव्यापी आंदोलन भी कर सकता है।
बैठक में मौजूद दुकानदारों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि जब तक बकाया कमीशन का भुगतान नहीं किया जाता, वे आंदोलन के लिए तैयार हैं। अंत में निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मिलकर मांग पत्र सौंपेगा और आगे की रणनीति की घोषणा करेगा।