Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची इलाके में मंगलवार को ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां साधु के वेश में आए दो शातिर अपराधियों ने एक महिला को अपने जाल में फंसा लिया। गोलमुरी केबुल टाउन निवासी मंजू देवी बाजार में खरीदारी के लिए पहुंची थीं, तभी बसंत सिनेमा के पास दो अजनबियों ने उन्हें रोका और खुद को साधु बताकर बातचीत शुरू की। पहले उन्होंने पानी मांगकर महिला का भरोसा जीता और फिर धीरे-धीरे बातों में उलझाते हुए माहौल को अपने पक्ष में कर लिया।
बेटे पर संकट का डर दिखाकर ठगी को दिया अंजाम
कुछ ही देर में ठगों ने महिला को यह कहकर डराया कि उसके बेटे पर बड़ा संकट आने वाला है। इस संकट को टालने के लिए उन्होंने विशेष पूजा कराने की बात कही। बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला उनकी बातों में आ गई। इसी दौरान ठगों ने पूजा के नाम पर महिला से उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए और यह भरोसा दिलाया कि थोड़ी देर में वापस कर देंगे। लेकिन मौका मिलते ही दोनों वहां से फरार हो गए।
शिकायत दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तब महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद वह साकची थाना पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस की अपील- सतर्क रहें, अजनबियों पर न करें भरोसा
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि यह घटना अंधविश्वास का फायदा उठाकर की गई ठगी का मामला है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे इस तरह के झांसे में न आएं और किसी भी अजनबी पर आंख बंद कर भरोसा करने से बचें।