Latehar News : झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मनिका थाना क्षेत्र के कुरूमखेता जंगल में छापेमारी कर जेजेएमपी (JJMP) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मनोज लोहरा और महादेव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई, एक उग्रवादी फरार
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का उग्रवादी शंकर राम अपने दस्ते के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में जंगल क्षेत्र में घूम रहा है। इसके बाद विशेष अभियान चलाते हुए ऑपरेशन चलाया गया और इलाके में सर्च अभियान शुरू किया गया। पुलिस को देखते ही उग्रवादी भागने लगे, लेकिन दो को पकड़ लिया गया, जबकि शंकर राम मौके से फरार हो गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने उग्रवादियों के पास से एसएलआर राइफल, मैगजीन, जिंदा गोलियां, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की है। इसके अलावा झाड़ियों से एके-47 राइफल, मैगजीन, वायरलेस और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। इस संबंध में मनिका थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार उग्रवादी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।