Giridih News : सीसीएल गिरिडीह कोलियरी अंतर्गत कबरीबाद माइंस के पास पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर पथराव किया, जिसमें साइबर डीएसपी आबिद खान समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल मौके पर गिरिडीह एसडीएम समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं और इलाके में तनाव बना हुआ है।
मृतक के शव के साथ प्रदर्शन, सीसीएल अधिकारी और गार्ड्स पर हमले से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात सीसीएल कोलियरी के सीपी साइडिंग क्रशर के पास कुछ लोगों ने सीसीएल अधिकारियों और सुरक्षा गार्ड्स पर हमला कर दिया था। इस दौरान सुरक्षा गार्ड्स के साथ मारपीट की गई, जिसमें सीसीएल अधिकारी राम सागर समेत आठ सुरक्षा गार्ड और होमगार्ड के जवान घायल हो गए। इसी घटना के दौरान एक ग्रामीण दिलीप दास की मौत हो गई।
बुधवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव सदर अस्पताल से लाकर कबरीबाद माइंस के कांटा घर के पास रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पथराव होने लगा, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। फिलहाल ग्रामीण शव के साथ धरने पर बैठे हैं और इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।