Seraikela News: सरायकेला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने किया. प्रदर्शन में जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए.
धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का सबसे ज्यादा असर छोटे दुकानदारों, होटल संचालकों और ठेला-खोमचा चलाने वालों पर पड़ रहा है. उनके अनुसार आम लोगों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है.
झामुमो नेता और सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटका रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया, तो झामुमो सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी.
प्रदर्शन में गणेश चौधरी, बैद्यनाथ टुडू, भुण्डा वेसरा, धरमु गोप, भोला मोहन्ति, उमेश भोल, अबिनाश कबी, सुधीर महतो, अमृत महतो, जगदीश महतो, वीरेंदर प्रधान, शम्भू आचर्य, डब्बा सोरेन, सन्नी सिंह, गुरुचरण मुखी और सुशीला ताती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.