Seraikela: सरायकेला समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए। उन्होंने राजस्व से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर दिया।
लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभागवार राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में राजस्व वसूली लंबित है, वहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संग्रहण की प्रक्रिया तेज की जाए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित की जाए।
वाणिज्य कर और निबंधन विभाग को दिए विशेष निर्देश
उपायुक्त ने वाणिज्य कर विभाग, आदित्यपुर और चांडिल इकाई को नियमित समीक्षा कर राजस्व संग्रहण बढ़ाने को कहा। वहीं निबंधन विभाग को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि विभागीय कार्यों में तेजी लाकर सरकारी आय को मजबूत किया जाए।
परिवहन विभाग को वाहन जांच अभियान चलाने का आदेश
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, सघन वाहन जांच करने और बिना वैध कागजात वाले वाहनों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि मोटरयान अधिनियम के तहत राजस्व संग्रहण में तेजी लाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती के निर्देश
जिला खनन पदाधिकारी को नियमित फील्ड विजिट करने और अवैध खनन व खनिजों के अवैध परिवहन पर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि खनिज संसाधनों से होने वाली राजस्व हानि रोकने के लिए विभागीय समन्वय के साथ लगातार निगरानी की जाए।
बिजली और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
बदलते मौसम को देखते हुए विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। खराब विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत और शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी बल दिया गया। वहीं पेयजल विभाग को गर्मी के मौसम में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर फोकस करने का निर्देश
नगर विकास विभाग को शहरी क्षेत्रों में बिजली, पानी, सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था नियमित रखने को कहा गया। साथ ही नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए फील्ड निरीक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।
अवैध शराब और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश
उपायुक्त ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री, बिजली चोरी तथा राजस्व प्रभावित करने वाली अन्य गतिविधियों के खिलाफ विभागीय समन्वय के साथ अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग लक्ष्य आधारित कार्य करें और नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, एसडीओ चांडिल, डीसीएलआर सरायकेला, डीटीओ, जिला खनन पदाधिकारी, वाणिज्य कर विभाग, विद्युत विभाग, पेयजल विभाग, नगर निकाय, सब-रजिस्टार सरायकेला एवं चांडिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।