Bihar News : समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब वरमाला के दौरान दूल्हे की पहली पत्नी अचानक शादी समारोह में पहुंच गई। उसने स्टेज पर ही दूल्हे की पिटाई शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, पटोरी थाना क्षेत्र के लोदीपुर धीर गांव निवासी प्रदीप सहनी की बेटी अस्मिता की शादी वैशाली जिले के तिसिऔता थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव निवासी पंकज कुमार से तय हुई थी। बुधवार रात बारात पहुंची और वरमाला की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे की पहली पत्नी नीलम देवी मौके पर पहुंच गई।
स्टेज पर पकड़ा कॉलर, फिर शुरू हुई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीलम देवी ने स्टेज पर पहुंचते ही दूल्हे पंकज कुमार का कॉलर पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों को दूल्हे की पहली शादी की जानकारी मिली, जिससे वे भड़क गए। देखते ही देखते बारातियों और ग्रामीणों ने भी दूल्हे की जमकर पिटाई कर दी।
हंगामे के दौरान कई बारातियों के साथ भी मारपीट हुई। दूल्हे का सिर फट गया, जबकि दूल्हे के पिता को कुछ देर के लिए बंधक बना लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय थाना और डायल-112 पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित लोगों को थाने ले गई।
पहली पत्नी ने लगाया धोखा देने का आरोप
पहली पत्नी नीलम देवी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब छह वर्ष पहले तमिलनाडु में पंकज कुमार से शादी की थी। दोनों वहां कपड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। नीलम का दावा है कि पंकज ने दूसरी शादी की जानकारी उससे छिपाई और दुल्हन पक्ष को भी धोखे में रखा।
नीलम ने बताया कि उसे शक था कि उसका पति दूसरी शादी करने जा रहा है, इसलिए उसने पहले ही तिसिऔता थाना में आवेदन दिया था। शादी की जानकारी मिलने के बाद वह लोदीपुर धीर गांव पहुंची और वरमाला के दौरान विरोध किया।
पटोरी थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। लिखित शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।