Jamshedpur News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शुक्रवार को वर्कर्स कॉलेज में कला एवं विज्ञान संकाय बंद करने के फैसले के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और परिषद कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि कोल्हान यूनिवर्सिटी द्वारा जारी नोटिफिकेशन के माध्यम से वर्कर्स कॉलेज से कला और विज्ञान संकाय हटाने का निर्णय लिया गया है, जिससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा। प्रदर्शन के दौरान कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्णय वापस लेने की मांग की गई।
मौजूदा छात्रों की पढ़ाई और डिग्री पर संकट
परिषद नेताओं ने कहा कि वर्कर्स कॉलेज मानगो क्षेत्र का प्रमुख अंगीभूत महाविद्यालय है, जहां बड़ी संख्या में छात्र कला और विज्ञान विषयों की पढ़ाई करते हैं। ऐसे में इन संकायों को बंद कर देना छात्रों के हितों के खिलाफ है।
अभाविप ने सवाल उठाया कि वर्तमान में स्नातक के विभिन्न सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्रों की पढ़ाई और डिग्री पूरी कैसे होगी। साथ ही जिन छात्रों के मेजर, माइनर और एमडीसी विषय कला एवं विज्ञान से जुड़े हैं, उनके भविष्य पर भी संकट खड़ा हो जाएगा।
छात्रों और अभिभावकों से नहीं ली गई राय :-परिषद
प्रदर्शन के दौरान परिषद नेताओं ने आरोप लगाया कि पाठ्यक्रम पुनर्गठन के दौरान छात्रों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से कोई राय नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि अन्य कॉलेजों में सभी संकायों को बरकरार रखा गया है, लेकिन केवल वर्कर्स कॉलेज से कला और विज्ञान विषय हटाना अन्यायपूर्ण फैसला है।
अभाविप ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द इस निर्णय को वापस नहीं लेता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और परिषद कार्यकर्ता मौजूद रहे।