Bihar Police Lathi Charge: बिहार की राजधानी Patna में शुक्रवार को शिक्षक भर्ती TRE-4 नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ना चाह रहे थे और सरकार व BPSC के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अभ्यर्थी शामिल हुए।
JP गोलंबर पर पुलिस ने रोका, फिर चला डंडा
जब प्रदर्शनकारी JP गोलंबर के पास पहुंचे तो भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। अभ्यर्थियों के नहीं मानने पर बिहार पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई अभ्यर्थियों के घायल होने की खबर सामने आई है। प्रदर्शन के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
भर्ती में देरी से नाराज छात्र, सरकार पर लगाए आरोप
TRE-4 के उम्मीदवार लंबे समय से शिक्षक भर्ती अधिसूचना जारी करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि सरकार लगातार भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रों ने BPSC के कुछ नियमों का भी विरोध जताया और कहा कि उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
IGIMS नर्सिंग छात्रों का भी फूटा गुस्सा
इसी दिन सुबह Indira Gandhi Institute of Medical Sciences (IGIMS) के नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने भी पटना में विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन, प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल पर मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना के आरोप लगाए। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि जब तक प्रशासनिक अधिकारियों का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।