Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं.
जनता दरबार में गम्हरिया प्रखंड के लाल बिल्डिंग क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण से आवागमन बाधित होने की शिकायत सामने आई. वहीं चांडिल स्थित बामणी नदी मुक्ति धाम की जर्जर स्थिति और संपर्क पथ की मरम्मत की मांग भी उठाई गई.
इसके अलावा धान अधिप्राप्ति में देरी, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में नामांकन नहीं होने और विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े मामलों पर भी लोगों ने आवेदन दिए.
राजनगर प्रखंड में जच्चा-बच्चा मृत्यु मामले में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों, एएनएम और अन्य कर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी जनता दरबार में उठी.
ईचागढ़ थाना क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के साथ-साथ अवैध बालू उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की. वहीं आदित्यपुर के मांझी टोला आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत भी दर्ज कराई गई.
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार और अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी.
डीसी ने जच्चा-बच्चा मृत्यु मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया. साथ ही सड़क अतिक्रमण हटाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को अभियान चलाने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.