Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक, टाटा मैजिक और सड़क किनारे खड़े वाहनों समेत करीब 13 गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता रहा और लोग बदहवास होकर यह मंजर देखते रहे।
अनियंत्रित ट्रक बना मौत का कारण, कई वाहन चकनाचूर
जानकारी के अनुसार, बगोदर की ओर से आ रहा ट्रक (JH 02 BL 1853) काफी तेज गति में था। बस पड़ाव के पास उसने पहले एक बाइक को हल्का धक्का मारा, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इसके बाद इसरी पुल के समीप ट्रक अनियंत्रित हो गया और एक बाइक व टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों समेत कई अन्य वाहनों को रौंद डाला और आखिरकार एक चहारदीवारी तोड़ते हुए बिजली के पोल से जा टकराया। हादसे में कुल 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
पांच लोगों की मौत, कई घायल धनबाद रेफर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल ने धनबाद ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में कारी इरशाद 46 वर्ष, सुजीत 37 वर्ष और संतोष महतो 32 वर्ष की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य शवों की पहचान की जा रही है। घायलों में रुखसार खातून, सागीर, सुधा वर्मा और संजय कुमार साव समेत कई लोग शामिल हैं। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, जांच में जुटा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव, एसडीएम संतोष गुप्ता और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सड़क पर बिखरे वाहनों के मलबे और लोगों की चीखें हादसे की भयावहता बयान कर रही थीं।