Bokaro News : बोकारो सिटी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने दुग्गल गेट स्थित जिओ टावर के समीप महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग घटना को लेकर दहशत में हैं और महिला की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
महिला की पहचान नहीं हो सकी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि घटना के बारे में कोई सुराग मिल सके।
थाना प्रभारी सुदामा दास ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर शव बरामद किया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।