Jharkhand News: टेंडर घोटाला और कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की जमानत याचिका पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होगी. मामले की सुनवाई जस्टिस एम.एम. सुंदरेश्वर और जस्टिस एन. कोटीश्वर सिंह की बेंच करेगी. इस सुनवाई को आलमगीर आलम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) से मामले के चार प्रमुख गवाहों के बयान को लेकर सवाल पूछे थे. अदालत ने मामले में विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए अगली तारीख तय की थी. अब सोमवार को इस मामले में आगे की सुनवाई होगी.
इससे पहले झारखंड हाईकोर्ट ने 11 जुलाई 2025 को आलमगीर आलम की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की.
ED ने आलमगीर आलम को 15 मई 2025 को गिरफ्तार किया था. जांच एजेंसी का आरोप है कि टेंडर घोटाले के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध धनराशि का लेन-देन किया गया और मनी लॉन्ड्रिंग को अंजाम दिया गया.
जांच के दौरान आलमगीर आलम के आप्त सचिव संजीव कुमार लाल और उनके नौकर जहांगीर आलम से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी में 32.30 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे. इसी कार्रवाई के बाद ED ने पूर्व मंत्री को गिरफ्तार किया था. फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं.