Jharkhand News: झारखंड पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 (ERSS) को लेकर जनवरी से अप्रैल 2026 तक की जिला वार रिपोर्ट जारी की गई है. रिपोर्ट के अनुसार राजधानी रांची में सबसे ज्यादा इमरजेंसी मामले दर्ज हुए हैं. मार्च 2026 में रांची में 3575 एक्शन योग्य घटनाएं सामने आईं, जबकि धनबाद में 1677 मामले दर्ज किए गए. वहीं जमशेदपुर में भी हर महीने 1500 से अधिक इमरजेंसी घटनाएं दर्ज हो रही हैं, जिससे बड़े शहरों में बढ़ते दबाव का संकेत मिला है.
रिपोर्ट में पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को लेकर भी अहम आंकड़े सामने आए हैं. मार्च महीने में जामताड़ा पुलिस ने औसतन 7 मिनट 59 सेकंड में घटनास्थल पर पहुंचकर सबसे तेज सहायता उपलब्ध कराई. वहीं फरवरी में लातेहार पुलिस ने 7 मिनट 45 सेकंड का औसत रिस्पॉन्स टाइम दर्ज किया, जो राज्य में सबसे बेहतर माना गया. अप्रैल 2026 में गिरिडीह का औसत रिस्पॉन्स टाइम 9.05 मिनट, पाकुड़ का 9.09 मिनट और चतरा का 9.20 मिनट दर्ज किया गया.
अप्रैल 2026 के आंकड़ों के मुताबिक धनबाद का औसत रिस्पॉन्स टाइम 09.28 मिनट, जमशेदपुर का 10.01 मिनट, बोकारो का 09.26 मिनट, हजारीबाग का 10.41 मिनट, देवघर का 10.57 मिनट और दुमका का 11.34 मिनट रहा. वहीं रांची का औसत रिस्पॉन्स टाइम 12.39 मिनट दर्ज किया गया, जो प्रमुख जिलों में सबसे अधिक रहा. इसके अलावा गढ़वा 09.28 मिनट, गोड्डा 11.18 मिनट, गुमला 10.38 मिनट, खूंटी 12.05 मिनट, कोडरमा 09.28 मिनट, लोहरदगा 09.37 मिनट, पलामू 10.50 मिनट, रामगढ़ 10.48 मिनट, साहेबगंज 10.40 मिनट, सरायकेला 09.30 मिनट, सिमडेगा 09.37 मिनट और चाईबासा 09.45 मिनट के औसत समय के साथ सूची में शामिल रहे.
पुलिस मुख्यालय का कहना है कि डायल-112 सेवा के जरिए राज्यभर में लोगों को त्वरित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने के लिए लगातार तकनीकी सुधार और मॉनिटरिंग की जा रही है.