Godda News: मेहरमा प्रखंड में ग्रामीण इलाकों की सड़क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 2 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़क सुदृढ़ीकरण योजनाओं का शिलान्यास किया. इन योजनाओं के पूरा होने से कई गांवों में आवागमन आसान होगा और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
शिलान्यास की गई योजनाओं में LO28 PWD मुख्य सड़क से बेनीदास भुस्का तक 3.230 किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है, जिस पर करीब 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. वहीं LO52 घोरीचक से कुमारडीहा तक 1.800 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 53 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा LO27 आरईओ रोड से बासकीकित्ता तक 1.600 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जिसकी लागत 72 लाख रुपये है.
गांवों को मिलेगा सीधा फायदा
इन तीनों सड़कों के निर्माण के बाद मेहरमा प्रखंड के कई गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल, स्कूल और कॉलेज तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी. बरसात के दिनों में खराब रास्तों की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
किसानों को अपनी फसल और कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी.
मंत्री ने विकास कार्यों को बताया प्राथमिकता
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र के हर गांव तक बेहतर सड़क और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है और जनता से किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत सड़क और आधारभूत ढांचा किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी जरूरत होती है. सरकार का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उन्हें सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है.