Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उंधन गांव के पास सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया. बारातियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा पलटा. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए.
बारात से लौटने के दौरान बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (जेएच-06सी/7345) बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था. सोमवार सुबह करीब 3:15 बजे बारात से लौटने के दौरान उंधन गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद वाहन सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। बताया जा रहा है कि पिकअप में बारातियों के साथ साउंड सिस्टम का सामान भी लदा हुआ था.
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
हादसे में बारंगा निवासी रोहन गोप (12 वर्ष) और गोपीपुर निवासी दशरथ सरदार (25 वर्ष) की मौत हो गई. वहीं घायलों में सूरज महतो (22), शिशुपाल मोदी (26), राहुल गोप (20), गोपी मोदी (18), सौरभ लोहार (16) और सुरेश गोप (48) शामिल हैं. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
गंभीर घायलों को किया गया रेफर
मनोहरपुर सीएचसी में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.