Arijit Singing Break: अपनी आवाज से करोड़ों लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले गायक अरिजीत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई नया गाना या कॉन्सर्ट नहीं बल्कि उनका प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का फैसला है. अरिजीत सिंह के इस ऐलान ने उनके फैंस को चौंका दिया है. वहीं अब मशहूर संगीतकार प्रीतम चक्रबोर्टी ने इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है और बताया है कि आखिर अरिजीत के मन में क्या चल रहा था.प्रीतम का कहना है कि लोग इसे रिटायरमेंट की तरह देख रहे हैं लेकिन असल में कलाकार कभी पूरी तरह रिटायर नहीं होते. उन्हें सिर्फ कुछ समय के लिए खुद को समय देने और अपने मन का काम करने की जरूरत महसूस होती है. उन्होंने यह भी बताया कि लगातार काम और दबाव के बीच अरिजीत लंबे समय से ब्रेक लेना चाह रहे थे.
लगातार काम और दबाव के बीच ब्रेक लेना चाहते थे अरिजीत सिंह
प्रीतम चक्रवर्ती ने बातचीत के दौरान कहा कि अरिजीत सिंह काफी समय से लगातार काम कर रहे थे और शायद अब उन्हें खुद के लिए थोड़ा वक्त चाहिए. उन्होंने कहा कि कई बार इंडस्ट्री में डायरेक्टर्स और प्रोजेक्ट्स का दबाव इतना ज्यादा होता है कि कलाकार अपने मन की नहीं कर पाते.
प्रीतम के मुताबिक अरिजीत फिलहाल कुछ नया और अलग करना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि सिंगर एक खूबसूरत और भावनात्मक कहानी वाली फिल्म को डायरेक्ट करने की तैयारी में भी जुटे हुए हैं. यही वजह है कि वह फिलहाल अपनी रफ्तार से जिंदगी जीना चाहते हैं और जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहते. उन्होंने साफ कहा कि यह अरिजीत की जिंदगी और उनकी आवाज है. ऐसे में कब गाना है, क्या गाना है और कब नहीं गाना है, यह फैसला लेने का अधिकार भी उन्हीं का होना चाहिए.
फोन पर हुई बातचीत में अरिजीत ने कही थी बड़ी बात
प्रीतम ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि वह खुद भी लंबे समय से रिटायरमेंट के बारे में सोच रहे थे लेकिन कभी हिम्मत नहीं जुटा पाए. इसी दौरान उनकी और अरिजीत की फोन पर इस विषय को लेकर बातचीत हुई थी.
उन्होंने बताया कि एक रात अरिजीत ने उनसे कहा था कि जिस दिन आप रिटायर होंगे उसी दिन मैं भी रिटायर हो जाऊंगा. लेकिन अगले ही दिन उन्होंने खुद ही प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया. बाद में अरिजीत ने उन्हें फोन करके मजाक में कहा कि आपसे तो यह हो नहीं पाएगा. इस बातचीत को याद करते हुए प्रीतम ने कहा कि अरिजीत ने वही किया जो उनका दिल कह रहा था जबकि वह खुद लंबे समय से सोचने के बावजूद ऐसा कदम नहीं उठा पाए थे.
जियागंज और तारापीठ को लेकर भी हुई थी खास चर्चा
प्रीतम ने बातचीत में अरिजीत सिंह के होमटाउन जियागंज का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वहां लगभग सभी लोग जा चुके हैं लेकिन वह अब तक नहीं जा पाए. उन्होंने बताया कि अरिजीत अक्सर उनसे कहते थे कि आप कभी वहां नहीं आओगे. इस पर प्रीतम ने उनसे कहा था कि रिटायर होने के बाद वह जियागंज आएंगे और दोनों साथ में तारापीठ जाएंगे. पिछले एक साल से दोनों के बीच इस तरह की बातचीत चल रही थी.
फैंस से धैर्य रखने की अपील, बोले फिर से गाएंगे अरिजीत
प्रीतम ने लोगों से अपील की कि अरिजीत सिंह पर जरूरत से ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए. उन्होंने कहा कि हर कलाकार जिंदगी में कभी न कभी ब्रेक लेना चाहता है और कई बार अंदरूनी दबाव इंसान को परेशान भी करता है.
उनका मानना है कि अरिजीत हमेशा के लिए संगीत से दूर नहीं जाएंगे. जब उनका मन करेगा तब वह फिर से गाएंगे और अपने फैंस के लिए नए गाने लेकर आएंगे.
अगले दो साल तक सुनाई देते रहेंगे अरिजीत के नए गाने
इस साल जनवरी में अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए साफ किया था कि वह अब कोई नया प्लेबैक सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे. हालांकि उनके कई पुराने प्रोजेक्ट्स अभी पूरे होने बाकी हैं. यही वजह है कि अगले दो साल तक उनके नए गाने रिलीज होते रह सकते हैं.
फिलहाल उनके इस फैसले ने म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस के बीच बड़ी चर्चा छेड़ दी है. कई लोग इसे ब्रेक मान रहे हैं तो कई इसे करियर का बड़ा मोड़ बता रहे हैं. लेकिन इतना तय है कि अरिजीत सिंह की आवाज आज भी करोड़ों लोगों की पसंद बनी हुई है.