Ranchi News : राजधानी रांची के कोकर इलाके से लापता 18 माह की बच्ची अदिति पांडे को खोजने की मांग को लेकर मंगलवार को पीड़ित परिवार ने कोकर चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बच्ची के माता-पिता के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए और पुलिस से जल्द बच्ची को बरामद करने की गुहार लगाई।परिवार का कहना है कि बच्ची पिछले पांच दिनों से लापता है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसे लेकर परिवार का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए।
नाले से मिले शव को लेकर फैली थी आशंका
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को किसी नाले से क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना के बाद आशंका जताई जा रही थी कि वह शव अदिति का हो सकता है। हालांकि परिवार ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि वह शव उनकी बेटी का नहीं है।
बाद में मिली जानकारी के अनुसार, नाले से मिला शव किसी इंसान का नहीं बल्कि जानवर का बताया गया। इसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन बच्ची के अब तक नहीं मिलने से चिंता और बढ़ गई है।
दूसरे एंगल से जांच की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि पुलिस को मामले की जांच दूसरे एंगल से भी करनी चाहिए और खोज अभियान तेज करना चाहिए। परिजनों ने आरोप लगाया कि अब तक जांच में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई है।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द बच्ची को सुरक्षित बरामद करने की मांग की।