Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर के तत्वावधान में बुधवार को नियोजनालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न औद्योगिक और निजी संस्थानों ने तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
कई तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया
रोजगार मेले में डीआरआई फिटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, एनपीडी इंजीनियर, पीपीसी एग्जीक्यूटिव, सेल्समेन, टेलिकॉलर, फील्ड ऑफिसर, फर्नेस ऑपरेटर, वेल्डर, सीएनसी/एचएमसी ऑपरेटर, एचएमवी ड्राइवर, हाइवा लोडर, क्रेन ऑपरेटर, गैस कटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, रिलेशनशिप ऑफिसर, सिविल सुपरवाइजर, फाउंड्री इंचार्ज, पैटर्न इंचार्ज, लॉजिस्टिक्स तकनीशियन और असेंबली ऑपरेटर सहित कई पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई।
20 संस्थानों ने लिया हिस्सा
जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो ने बताया कि मेले में रूंगटा माइंस लिमिटेड, रामकृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशन लिमिटेड, अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड, छवि कंस्ट्रक्शन, फ्यूज़न फाइनेंस लिमिटेड, मेटाल्सा इंडिया लिमिटेड, बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज, सुदीशा फाउंड्री, टाटा स्टील फाउंडेशन, एलआईसी ऑफ इंडिया, बीएन महिंद्रा ट्रैक्टर्स सहित कुल 20 संस्थानों ने भाग लिया।
336 अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट
उन्होंने बताया कि विभिन्न संस्थानों द्वारा सरायकेला-खरसावां, चाईबासा और जमशेदपुर क्षेत्र में नियुक्ति के लिए कुल 336 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क
जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि नियोजनालय द्वारा नियमित रूप से रोजगार शिविर और रोजगार मेले आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य में होने वाले भर्ती शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि नियोजनालय द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
रोजगार मेले में वाईपी रवि प्रकाश सिंह, सुरेंद्र रजक, सुजीत सरदार सहित जिला नियोजनालय के कर्मचारी और संबंधित संस्थानों के एचआर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।