विधायक ने निर्माणाधीन भवन का बारीकी से निरीक्षण किया और कार्य में पाई गई तकनीकी एवं निर्माण संबंधी खामियों को जल्द दूर करने का निर्देश अधिकारियों एवं संवेदक को दिया। बताया गया कि बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा यहां करीब 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य में डिजाइन समेत कुछ तकनीकी कमियां सामने आई हैं। भवन के कुछ हिस्सों में पानी रिसाव की समस्या भी पाई गई है, जिसे तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होना चाहिए।
विधायक ने विभागीय अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। हाता बिरसा चौक क्षेत्र का प्रमुख चौराहा है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री बंगाल, ओडिशा समेत अन्य राज्यों के लिए सफर करते हैं। बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने से सड़क किनारे अतिक्रमण कम होगा, सड़क चौड़ी होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करने और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा जल्द ही इस कॉम्प्लेक्स को जनता के लिए समर्पित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान हरिओम कंस्ट्रक्शन के संवेदक मुकेश सिंह, जिला परिषद के जिला अभियंता नकुल ठाकुर, जूनियर इंजीनियर राकेश कुमार समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।