Gamharia News: गम्हरिया ब्लॉक परिसर में बुधवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते होते टल गया. परिसर में लगा लोहे का विशालकाय होर्डिंग तेज हवाओं के कारण टूटकर आधा लटक गया. घटना के बाद ब्लॉक और अंचल कार्यालय आने वाले लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि अगर होर्डिंग पूरी तरह नीचे गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
सुबह तेज हवाओं में उखड़ गया होर्डिंग
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान प्रचार के लिए लगाया गया बड़ा लोहे का होर्डिंग अपनी जगह से उखड़ गया. होर्डिंग पूरी तरह गिरने के बजाय आधे हिस्से में लटक गया जिससे परिसर में आने जाने वाले लोगों को खतरा बना हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय अगर नीचे कोई वाहन खड़ा होता या कोई व्यक्ति वहां मौजूद रहता तो गंभीर हादसा हो सकता था. लोगों ने कहा कि इस घटना में घायल होने या जान जाने तक की आशंका थी.
विभाग की लापरवाही पर लोगों में नाराजगी
घटना के बाद ब्लॉक आने वाले लोगों ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि कई घंटे गुजर जाने के बाद भी संबंधित विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. लोगों के मुताबिक यह होर्डिंग जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाया गया था. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सरकारी परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
वर्षों से लटक रही सोलर लाइट भी बनी खतरा
लोगों ने यह भी बताया कि ब्लॉक परिसर में लगी सोलर लाइट कई वर्षों से अपने खंभे से नीचे लटक रही है लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई. उनका कहना है कि यह लटकती सोलर लाइट भी दुर्घटना को न्योता दे रही है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि टूटे होर्डिंग को तुरंत हटाया जाए और परिसर में खराब पड़े अन्य ढांचों की भी जांच कर जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना से बचा जा सके.