Ranchi: राजधानी के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में बाइक चोरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला खादगढ़ा बाजार इलाके का है, जहां सब्जी खरीदने गए एक युवक की बाइक चोरों ने पार कर दी। इस संबंध में लातेहार निवासी पंकज कुमार ने सुखदेवनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान हुई चोरी
पीड़ित पंकज कुमार, जो मूल रूप से लातेहार जिले के मनिका के रहने वाले हैं और वर्तमान में रांची के रातू रोड स्थित आर्यापुरी में किराये पर रहते हैं, उन्होंने ने पुलिस को बताया कि यह घटना 5 मई की शाम को घटी। पंकज अपनी हीरो ग्लैमर बाइक (संख्या JH01 AP 6318) से खादगढ़ा बाजार गए थे। उन्होंने अपनी बाइक शनि मंदिर के पास खड़ी की और सब्जी लेने बाजार के अंदर चले गए।
खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग
करीब 45 मिनट बाद जब पंकज सब्जी खरीदकर वापस लौटे, तो नियत स्थान से उनकी बाइक गायब थी। उन्होंने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों से काफी पूछताछ की और काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका। अंततः उन्होंने थाने की शरण ली।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
पंकज कुमार की शिकायत के आधार पर सुखदेवनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(बी) के अंतर्गत अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब बाजार के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की शिनाख्त की जा सके।